
पारदर्शिता के साथ अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर दिया जोर
- अभिषेक कुमार
मैनपुरी। डिंपल यादव ने मैनपुरी कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक के दौरान सांसद डिंपल यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

समीक्षा बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, विद्युत, आवास, सामाजिक सुरक्षा एवं ग्रामीण विकास से संबंधित योजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया गया। सांसद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में पूर्ण कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाना है, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।


