HomeNEWSसाइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता का संदेश देती फिल्म ‘Silent Crimes’ की...

साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता का संदेश देती फिल्म ‘Silent Crimes’ की विशेष स्क्रीनिंग

IMA कानपुर, कानपुर पुलिस कमिश्नरेट और रोटरी क्लब सूर्या की संयुक्त पहल, फिल्म के जरिए साइबर ठगी से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर । साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच आमजन को डिजिटल ठगी और ऑनलाइन अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) कानपुर शाखा एवं कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के संयुक्त तत्वावधान में ‘Silent Crimes’ शॉर्ट फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। कार्यक्रम में रोटरी क्लब सूर्या, कानपुर ने सहयोग किया।

कानपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा निर्मित करीब 40 मिनट की यह फिल्म साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों, अपराधियों की कार्यप्रणाली और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित इस्तेमाल के उपायों को प्रभावी ढंग से सामने लाती है। फिल्म का मुख्य संदेश है कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे महत्वपूर्ण हथियार हैं।

फिल्म में प्रसिद्ध अभिनेता अन्नू कपूर ने साइबर क्राइम इंस्पेक्टर करतार सिंह की प्रमुख भूमिका निभाई है। वहीं ACP आनंद ओझा ने ACP अंगद वर्मा का किरदार निभाया है। फिल्म के माध्यम से बताया गया है कि बदलते डिजिटल दौर में अपराध का स्वरूप भी बदल रहा है और साइबर अपराधी मोबाइल फोन, इंटरनेट तथा अन्य डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल कर आम नागरिकों को अपना निशाना बना रहे हैं।

कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त कानपुर रघुबीर लाल, IMA कानपुर के अध्यक्ष डॉ. अनुराग मेहरोत्रा, मानद सचिव डॉ. (प्रो.) शालिनी मोहन, रोटरी क्लब सूर्या कानपुर के अध्यक्ष डॉ. रोटेरियन प्रशांत गुप्ता तथा सचिव डॉ. कुनाल सहाय सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं सदस्य मौजूद रहे।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचना, OTP और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करना, संदिग्ध कॉल एवं संदेशों के प्रति सतर्क रहना और साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देना बेहद जरूरी है।

IMA कानपुर, कानपुर पुलिस कमिश्नरेट और रोटरी क्लब सूर्या का यह संयुक्त प्रयास साइबर अपराध के खिलाफ जन-जागरूकता बढ़ाने तथा समाज को डिजिटल रूप से अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

‘Silent Crimes’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क और जागरूक रहने का संदेश है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments