HomeNEWSसाइबर अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता देने के दिए गए निर्देश

साइबर अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता देने के दिए गए निर्देश

डीसीपी पूर्वी ने साइबर थाना के विवेचकों और कर्मचारियों के साथ की समीक्षा बैठक, लंबित मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर दिया जोर

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने साइबर थाना कानपुर नगर के विवेचकों एवं कर्मचारियों का ओआर (ऑर्डरली रूम) कर साइबर अपराध से संबंधित मामलों की समीक्षा की। इस दौरान लंबित विवेचनाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

डीसीपी पूर्वी ने साइबर अपराध से संबंधित प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को समय से राहत दिलाने के निर्देश दिए। साइबर ठगी के मामलों में ठगी गई धनराशि को जल्द से जल्द होल्ड अथवा फ्रीज कराने और रिकवरी के लिए संबंधित बैंकों एवं अन्य संस्थानों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

उन्होंने विवेचकों को साइबर अपराध के मामलों में डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और उनका वैज्ञानिक तरीके से संकलन करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित प्रार्थना पत्रों एवं अभियोगों की नियमित समीक्षा करते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइबर अपराध के नए तरीकों और तकनीकी पहलुओं से लगातार अपडेट रहने तथा उनके आधार पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। विवेचकों को केस डायरी एवं संबंधित अभिलेखों को अद्यतन रखने के साथ विवेचना की गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

डीसीपी पूर्वी ने साइबर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए अपराध की रोकथाम के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए। थाना कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा किए जाने की भी बात कही गई।

उन्होंने समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए साइबर अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments