व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए स्टॉक मार्केट व IPO में निवेश का झांसा देकर करते थे करोड़ों की ठगी
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। थाना रावतपुर पुलिस एवं साइबर टीम पश्चिम जोन द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो शातिर साइबर ठगों सुमित कश्यप एवं नवीन श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से लोगों को स्टॉक मार्केट ट्रेडिंग एवं IPO में निवेश का लालच देकर साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे। वे निवेश पर अधिक मुनाफे का झांसा देकर लोगों से बड़ी रकम ऐंठते थे।
जांच के दौरान अब तक 05 बैंक खातों में लगभग ₹14 करोड़ के संदिग्ध ट्रांजैक्शन पाए गए हैं। साथ ही एनसीआरपी पोर्टल पर इनके खिलाफ 12 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज होने की पुष्टि हुई है।
अभियुक्त फर्जी बैंक खातों का उपयोग कर ठगी की धनराशि को अलग-अलग माध्यमों से निकालने का कार्य करते थे। पुलिस ने मौके से कई डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।
फिलहाल दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही की जा रही है तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच जारी है।


