श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद, भगवान शिव के जयकारों से गूंजा अस्पताल परिसर
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। सावन के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर कल्याणपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर स्थित आशा मल्टी केयर हॉस्पिटल में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। सुबह से ही अस्पताल परिसर में श्रद्धालुओं और क्षेत्रीय लोगों की भीड़ जुटने लगी। भगवान शिव की पूजा-अर्चना एवं भजन-कीर्तन के साथ शुरू हुए धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
अस्पताल परिसर को फूल-मालाओं एवं धार्मिक सजावट से आकर्षक रूप दिया गया था। श्रद्धालुओं के लिए बैठकर प्रसाद ग्रहण करने की विशेष व्यवस्था की गई। आयोजन में अस्पताल के डॉक्टरों, कर्मचारियों और क्षेत्रीय लोगों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
अस्पताल संचालक सौरभ कटियार ने कहा कि सावन माह भगवान शिव की आराधना का विशेष अवसर होता है। इसी भावना के साथ भंडारे का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि अस्पताल केवल स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के माध्यम से सेवा, सहयोग और सद्भावना का संदेश देने का प्रयास करता है।
आयोजन के दौरान भगवान शिव के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण करने के बाद अस्पताल प्रबंधन की इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम में सौरभ कटियार, डायरेक्टर रश्मि कटियार, कल्याणपुर ब्लॉक प्रमुख दिनेश अवस्थी, भाजपा के वरिष्ठ नेता ललित मिश्रा, वार्ड-54 के पार्षद कौशल मिश्रा, अमित सिंह, विवेक कटियार एवं प्रधान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


