सीएम योगी ने वृंदावन में पर्यटन थाना भवनों का किया लोकार्पण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा होगी और मजबूत

- मनीष कुमार
मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मथुरा जनपद में पर्यटन थाना वृंदावन के आवासीय एवं अनावासीय भवनों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अत्याधुनिक सुविधाओं और स्मार्ट सर्विलांस सिस्टम से लैस यह पर्यटन थाना देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा। यहां बहुभाषी पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जो 24 घंटे सहायता केंद्र के माध्यम से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सहयोग प्रदान करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस पहल से ब्रज क्षेत्र में पर्यटन और तीर्थाटन को नई गति मिलेगी। साथ ही महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए विशेष हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है, जिससे ब्रज यात्रा और अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बन सके।



