
आठ राज्यों के किसान ले रहे हिस्सा, आधुनिक कृषि तकनीक और उन्नत खेती की जानकारी लेने पहुंचे साढ़े सात हजार से अधिक किसान
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर में तीन दिवसीय उत्तर क्षेत्रीय किसान मेले का शुभारंभ हुआ। प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने मेला परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया और कृषि क्षेत्र से जुड़ी आधुनिक तकनीकों, उन्नत कृषि यंत्रों, नवीन कृषि पद्धतियों तथा किसानों के लिए उपयोगी नवाचारों की जानकारी प्राप्त की।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि किसानों को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक खेती से जोड़ना, कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाना तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह किसान मेला केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि किसानों के लिए किसान कुंभ है, जिसमें उत्तर भारत के आठ राज्यों के किसान हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने किसानों से मेले में सीखी गई नई तकनीकों और नवाचारों को अपने खेतों में अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रासायनिक पदार्थों पर निर्भरता कम करके प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने से मिट्टी के स्वास्थ्य में सुधार लाने में मदद मिल सकती है। उन्होंने किसानों को स्वस्थ मृदा और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए खेती करने के लिए प्रेरित किया।
विश्वविद्यालय के कुलपति संजीव गुप्ता ने विश्वविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों और तीन दिवसीय उत्तर क्षेत्रीय किसान मेले की रूपरेखा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कृषि मंत्री सहित अन्य अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में प्रसार निदेशक डॉ. वीके त्रिपाठी ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, वैज्ञानिकों और किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया।
डॉ. वीके त्रिपाठी ने बताया कि किसान मेले के पहले दिन लगभग साढ़े सात हजार से अधिक किसानों ने सहभागिता की। मेले में लगाए गए स्टालों के माध्यम से किसानों को कृषि यंत्रों, उन्नत तकनीकों, वैज्ञानिक खेती और कृषि क्षेत्र में हो रहे नए प्रयोगों की जानकारी दी जा रही है। आयोजन का उद्देश्य किसानों को नवीनतम तकनीकों से परिचित कराकर खेती को अधिक उत्पादक और लाभकारी बनाने के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर कृषि विभाग के प्रमुख सचिव एमके शनमुगा सुंदरम, कानपुर मंडलायुक्त के. विजयन पांडियन, कृषि निदेशक त्र्यंबक मणि त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के निदेशक आशुतोष मिश्र और कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा कानपुर, झांसी और चित्रकूट मंडल के मंडलायुक्त, संयुक्त कृषि निदेशक, उपनिदेशक कृषि तथा विश्वविद्यालय के अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
तीन दिवसीय उत्तर क्षेत्रीय किसान मेले के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, वैज्ञानिक पद्धतियों और प्राकृतिक खेती से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। आयोजकों को उम्मीद है कि मेले में प्राप्त जानकारी किसानों को खेती में नए प्रयोग करने, उत्पादन बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने में मदद करेगी।


