‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में योग, ध्यान और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े विविध आयोजन हुए संपन्न
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में आयोजित ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम आधारित योग पखवाड़े का समापन 21 जून को होगा। 9 जून से शुरू हुए इस विशेष अभियान के तहत योग, ध्यान, स्वास्थ्य जागरूकता और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
योग पखवाड़े के दौरान प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग के महत्व से अवगत कराने के उद्देश्य से अनेक गतिविधियां आयोजित की गईं। ईशा फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित ध्यान कार्यशाला में प्रतिभागियों को मानसिक स्वास्थ्य, ध्यान और उनके वैज्ञानिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस आयोजन के अंतर्गत महिलाओं के लिए विशेष योग शिविर, समर कैंप, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में योग कार्यक्रम, योग चिकित्सा शिविर, ध्यान सत्र तथा अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष योग कक्षाओं का भी संचालन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।
योग पखवाड़े के समन्वयक डॉ. राम किशोर ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों तक योग और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस पखवाड़े के सफल आयोजन में ब्रह्माकुमारी, गायत्री परिवार, इस्कॉन, एनसीसी और एनएसएस सहित विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी सहयोगी संस्थाओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले समापन समारोह के साथ इस योग पखवाड़े का औपचारिक समापन किया जाएगा।


