NEWSUttar Pradesh

दीक्षान्त समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, पुलिस उपायुक्त पश्चिम ने दिए निर्देश

  • मनीष कुमार

कानपुर नगर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में 17 सितम्बर 2025 को आयोजित होने वाले दीक्षान्त समारोह की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। इस भव्य समारोह में उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं चाक-चौबंद बनाने के लिए पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है।

इसी क्रम में 16 सितम्बर 2025 को पुलिस उपायुक्त पश्चिम दिनेश त्रिपाठी ने विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा इंतज़ामों का जायज़ा लिया। इस दौरान उन्होंने समारोह स्थल का स्थलीय निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

निरीक्षण के उपरांत आयोजित समन्वय बैठक में पुलिस उपायुक्त पश्चिम ने विश्वविद्यालय प्रशासन, स्थानीय पुलिस, यातायात विभाग, फायर ब्रिगेड तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की और सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि समारोह स्थल की सुरक्षा के लिए बहुस्तरीय घेरा तैयार किया जाए, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता को पुनः जांचा जाए तथा निगरानी कंट्रोल रूम को लगातार सक्रिय रखा जाए।

इसके साथ ही वीआईपी आगंतुकों के लिए अलग प्रवेश और निकास मार्ग निर्धारित करने, पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने तथा वाहनों की सघन जांच हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए। आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा सहायता दल एवं फायर ब्रिगेड को अलर्ट मोड में रहने का आदेश जारी किया गया।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम दिनेश त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय परिसर में शांति, सुरक्षा और अनुशासनपूर्ण वातावरण बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति का तुरंत और प्रभावी ढंग से समाधान किया जाए तथा सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें।

इस अवसर पर निरीक्षण और बैठक के दौरान आईपीएस सुमित रामटेके, विश्वविद्यालय के पदाधिकारीगण सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button