सेवा पखवाड़ा से पूर्व दिव्यांगजन हेतु रजिस्ट्रेशन कैंप आयोजित

सांसद रमेश अवस्थी के प्रयास से एल्मको कंपनी करेगी उपकरण वितरण
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से शुरू होने वाले सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत समाज के हर वर्ग तक सेवा पहुँचाने की पहल की जा रही है। इसी क्रम में भाजपा कानपुर उत्तर के रायपुरवा मंडल में दिव्यांग भाई-बहनों के लिए विशेष रजिस्ट्रेशन कैंप का आयोजन किया गया।
कैंप का शुभारंभ भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने किया। वार्ड 6, कारवालो नगर स्थित रामलीला मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में दिव्यांगजन, उनके परिजन और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विशेष रूप से सांसद रमेश अवस्थी के प्रयासों से एल्मको कंपनी द्वारा दिव्यांगजनों को आवश्यक जीवन सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का लक्ष्य समाज के हर वर्ग के उत्थान का है। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत यह पहल दिव्यांगजन को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन जीने में मदद करेगी।

क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने भी कार्यक्रम में मौजूद होकर कहा कि यह रजिस्ट्रेशन कैंप न केवल उपकरण वितरण का माध्यम है, बल्कि दिव्यांगजनों के प्रति समाज की संवेदनशीलता और सम्मान को भी दर्शाता है।
आज के कैंप में कुल 82 दिव्यांगजन ने उपकरणों के लिए पंजीकरण कराया। जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि आगामी 17 सितम्बर को एल्मको के अधिकारी सभी पंजीकृत दिव्यांग भाइयों-बहनों को उपकरण वितरित करेंगे।
कार्यक्रम में भाजपा रायपुरवा मंडल अध्यक्ष गौरव पांडे, पार्षद प्रतिनिधि अंकित मिश्रा, धीरज मोहन पांडे, देवांग शर्मा, सुरेंद्र पांडे, विजय दुबे, अभिषेक जैन समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और एल्मको के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने सेवा और संवेदनशीलता की भावना से कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।



