HomeNEWSस्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा पर रहे विशेष नजर : जिलाधिकारी

स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा पर रहे विशेष नजर : जिलाधिकारी

स्कूल वाहन चालकों का चरित्र सत्यापन, ड्राइविंग लाइसेंस और स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश; छात्राओं को ले जाने वाली बसों में महिला परिचालक की अनिवार्यता सुनिश्चित करने पर जोर

  • ज्योति सिंह

कानपुर नगर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर संबंधित अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले वाहनों की नियमित जांच के साथ वाहन चालकों और परिचालकों का आवश्यक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्कूल वाहन चालकों का चरित्र सत्यापन, ड्राइविंग लाइसेंस की जांच और स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाए।

उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं को स्कूल लाने-ले जाने वाली बसों में महिला परिचालक की अनिवार्यता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों से कहा गया कि इस व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

जिले में वर्तमान में 313 विद्यालयों में बच्चों के आवागमन के लिए 1,097 वाहन संचालित हैं। ऐसे में इन वाहनों की फिटनेस, सुरक्षा मानकों और संचालन व्यवस्था की नियमित जांच को महत्वपूर्ण बताया गया है।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्कूल वाहनों की जांच के दौरान वाहन की स्थिति, चालक के दस्तावेज, लाइसेंस, स्वास्थ्य एवं चरित्र सत्यापन सहित सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक मानकों की जांच करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए विद्यालय प्रबंधन, वाहन संचालकों और संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू कराया जाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments