HomeNEWSहरदोई युवा महोत्सव के पांचवें सीजन के पहले ऑडिशन में प्रतिभाओं ने...

हरदोई युवा महोत्सव के पांचवें सीजन के पहले ऑडिशन में प्रतिभाओं ने बिखेरा जलवा

गायन, नृत्य और मॉडलिंग के ऑडिशन में करीब 300 प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर, शानदार प्रस्तुतियों ने जीता दर्शकों का दिल

  • मेघा तिवारी

हरदोई। युवाओं की छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित हरदोई युवा महोत्सव के पांचवें सीजन के प्रथम ऑडिशन का आयोजन एचके लॉन में किया गया। गायन, नृत्य एवं मॉडलिंग प्रतियोगिताओं के लिए आयोजित ऑडिशन में करीब 300 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं अधिवक्ता अविनाश चंद्र गुप्ता तथा युवा समाजसेवी मिलन मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं भगवान गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके किया। इस दौरान अतिथियों ने आयोजन टीम और प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करते हुए युवाओं को अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रोत्साहित किया।

गायन के ऑडिशन में प्रतिभागियों ने अपनी मधुर आवाज से निर्णायक मंडल उस्मान सिद्दीकी, अजीत सिंह एवं अभिनव पांडेय को प्रभावित किया। प्रतिभागियों ने विभिन्न गीतों की प्रस्तुतियां देकर अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

नृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अलग-अलग गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। नृत्य के निर्णायक शुभम बैशवार ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करने के साथ ही उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।

वहीं, मॉडलिंग के तहत मिस्टर एवं मिस हरदोई ऑडिशन में प्रतिभागियों ने रैंप वॉक के माध्यम से अपने आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया। मॉडलिंग के निर्णायक अभय शाह ने प्रतिभागियों को उनकी प्रस्तुति और व्यक्तित्व को बेहतर बनाने से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

आयोजकों के अनुसार, हरदोई युवा महोत्सव का मुख्य उद्देश्य हरदोई एवं आसपास के क्षेत्रों में छिपी युवा प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अपनी कला और हुनर को बड़े स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिल सके।

गायन प्रतियोगिता का संयोजन आयुष ठाकुर, नृत्य का शिवाय श्रीवास्तव तथा मॉडलिंग का संयोजन जतिन, कबीर एवं श्रद्धा ने किया। ऑडिशन के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

आयोजकों ने बताया कि ऑडिशन में चयनित प्रतिभागियों को महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। दूसरे ऑडिशन की घोषणा जल्द की जाएगी। इससे पहले प्रेस वार्ता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पूरे महोत्सव और आगामी आयोजनों की रूपरेखा के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजक मंडल के अंशू गुप्ता, सुमित श्रीवास्तव, भानु सहित संयोजन टीम के निर्मल गुप्ता, पवन कश्यप, संकेत तिवारी, ऋषभ राजवंशी, राधे, प्रियांशु भारती, वैशाली, शीतल शुक्ला, आकाश सिंह, नीरज अस्थाना, अजितेश्वर शुक्ला, आयुष सिंह, उजूल, जतिन अवस्थी, कबीर त्रिपाठी, माधव सिंह, श्रद्धा चौरसिया, वैभव शुक्ला, हर्ष श्रीवास्तव, आकाश शुक्ला, प्रद्युम गुप्ता, गौरव गुप्ता एवं विधान सहित पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments