HomeNEWSहिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष: पत्रकार सम्मान समारोह में बृजेश पाठक का...

हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष: पत्रकार सम्मान समारोह में बृजेश पाठक का बड़ा ऐलान

हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने पर कानपुर प्रेस क्लब के समारोह में नौ वरिष्ठ पत्रकार सम्मानित, सतीश महाना और रमेश अवस्थी रहे मौजूद

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। कानपुर प्रेस क्लब द्वारा हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गैंजेस क्लब, आर्यनगर में आयोजित विशेष गोष्ठी एवं पत्रकार सम्मान समारोह में बृजेश पाठक ने कहा कि पत्रकारों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर है तथा मान्यता प्राप्त पत्रकारों को आयुष्मान योजना से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि शेष पत्रकारों को भी योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रस्ताव उच्च स्तर पर भेजा गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी पत्रकार को सरकारी अस्पतालों में उपचार संबंधी समस्या होने पर वह सीधे उनसे संपर्क कर सकता है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सतीश महाना ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए उसके चारों स्तंभों—विधायिका, न्यायपालिका, कार्यपालिका और पत्रकारिता—की समान रूप से महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि यदि इनमें से कोई भी स्तंभ कमजोर होता है तो लोकतंत्र प्रभावित होता है। उन्होंने पत्रकारिता को समाज और लोकतंत्र का मजबूत आधार बताते हुए निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए रमेश अवस्थी ने कानपुर की गौरवशाली पत्रकारिता परंपरा का उल्लेख किया और पत्रकार शिरोमणि गणेश शंकर विद्यार्थी के योगदान को याद किया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से विधानसभा परिसर में गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग की, जिस पर सतीश महाना ने विधानसभा की डिजिटल गैलरी में उनका चित्र लगाने की घोषणा की।

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि कानपुर के जुगल किशोर शुक्ल ने हिंदी पत्रकारिता की नींव रखी थी और आज भी यह शहर पत्रकारिता का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में पत्रकारों को और अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है, क्योंकि तकनीक जानकारी दे सकती है, लेकिन संवेदनशीलता, सामाजिक सरोकार और वंचित वर्ग की आवाज केवल पत्रकार ही प्रभावी ढंग से उठा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नौ वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया गया। इनमें राजीव सिंह, विजय त्रिपाठी, राजकिशोर, अंकित शुक्ला, पंकज निगम, संजय त्रिपाठी, आदित्य द्विवेदी, ऋषभ मणि त्रिपाठी तथा रतीश त्रिवेदी को सम्मान पत्र, प्रतीक चिन्ह एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह में वरिष्ठ पत्रकार सत्यप्रकाश त्रिपाठी, उद्योगपति विजय कपूर, कानपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष सरस वाजपेई, महामंत्री शैलेश अवस्थी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार रमेश वर्मा एवं आस्था तिवारी ने किया।

गोष्ठी में वक्ताओं ने बदलते तकनीकी परिवेश में पत्रकारिता के सामने खड़ी चुनौतियों, फेक न्यूज, सोशल मीडिया और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रभाव पर विस्तार से चर्चा करते हुए निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता को लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति बताया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments