HomeNEWSहोली पर ‘नो ड्राई डे’ खत्म करने के फैसले पर सियासत तेज,...

होली पर ‘नो ड्राई डे’ खत्म करने के फैसले पर सियासत तेज, AAP का सरकार पर हमला

  • नेहा पाठक

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में होली के अवसर पर शराब की दुकानों को खुला रखने के निर्णय को लेकर सियासत तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने रेखा गुप्ता सरकार के फैसले का विरोध करते हुए गंभीर सवाल उठाए हैं।

पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दिल्ली में “असली शराब घोटाले” की शुरुआत अब हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि होली के दिन शराब की दुकानों को खुला रखने की अनुमति देकर सरकार ने त्योहार के दिन करोड़ों कमाने की खुली छूट दे दी है। साथ ही उन्होंने प्रवर्तन एजेंसियों से भी इस फैसले पर सवाल उठाने की चुनौती दी।

वहीं दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी सरकार के निर्णय की आलोचना की। उन्होंने कहा कि होली पर शराब की दुकानें खुली रखने के फैसले ने विवाद खड़ा कर दिया है। उनके अनुसार इससे पहले छठ महापर्व और रविदास जयंती पर भी दुकानें खुली थीं और अब होली पर भी वही स्थिति है।

AAP नेताओं ने आरोप लगाया कि ऐसे फैसलों से त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ती हैं। फिलहाल इस मुद्दे पर सरकार की ओर से विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments