HomeNEWS15 अक्टूबर तक पहली सीएम ग्रिड रोड चालू होने की संभावना

15 अक्टूबर तक पहली सीएम ग्रिड रोड चालू होने की संभावना

जुलाई 2026 तक पूरा होना था निर्माण, धीमी रफ्तार और बारिश के चलते बढ़ी समयसीमा; बगिया क्रासिंग से केसा कार्यालय, आवास विकास कल्याणपुर तक बन रही 1150 मीटर सड़क

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। शहर में सीएम ग्रिड योजना के तहत बनाई जा रही पहली सड़क के निर्माण में देरी के बाद अब इसे 15 अक्टूबर तक जनता के लिए चालू किए जाने की संभावना है। बगिया क्रासिंग से केसा कार्यालय, आवास विकास कल्याणपुर तक करीब 1150 मीटर लंबी इस सड़क का निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा नहीं हो सका। अधिकारियों ने अब सड़क को जल्द यातायात के लिए खोलने का लक्ष्य रखा है।

इस सड़क का निर्माण कार्य नवंबर 2024 में शुरू किया गया था और इसे जुलाई 2026 तक पूरा किया जाना था। सड़क निर्माण की जिम्मेदारी डेल्टा इरेक्टर कंपनी को दी गई है। करीब 10.21 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही इस सड़क के निर्माण में जल निगम के कार्यों की धीमी गति के साथ ही बारिश के कारण भी बाधा आई, जिसके चलते निर्धारित समय तक काम पूरा नहीं हो सका।

15 अक्टूबर की नई समयसीमा

सीएम ग्रिड योजना के तहत शहर में तैयार की जा रही पहली 1150 मीटर लंबी सड़क को लेकर अधिकारियों ने अब 15 अक्टूबर तक इसे जनता के लिए खोलने का दावा किया है। इससे पहले नगर आयुक्त ने निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया था। निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण को जल्द पूरा करने और यातायात के लिए तैयार करने पर जोर दिया गया।

350 करोड़ रुपये से बन रहीं 10 सड़कें

कानपुर में सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से 10 सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। इनमें बगिया क्रासिंग से केसा कार्यालय, आवास विकास कल्याणपुर तक बनने वाली सड़क को योजना की पहली सड़क के तौर पर देखा जा रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक, सीएम ग्रिड योजना के तहत निर्माणाधीन अन्य सड़कों को भी दीपावली के बाद चरणबद्ध तरीके से चालू कराने की तैयारी है। इन सड़कों के तैयार होने के बाद शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था और सड़क सुविधाओं में सुधार की उम्मीद है।

हालांकि, पहली सीएम ग्रिड सड़क के निर्माण में तय समयसीमा के मुकाबले हुई देरी ने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल भी खड़े किए हैं। अब लोगों की नजर 15 अक्टूबर की नई समयसीमा पर है कि सड़क वास्तव में निर्धारित तारीख तक यातायात के लिए शुरू हो पाती है या नहीं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments