50 मीटर प्रोन स्पर्धा में लहराया परचम, सफलता का श्रेय कोच और माता-पिता को दिया
- मेघा तिवारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश राइफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में रायपुर की युवा निशानेबाज शिफा ख्वाजा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से प्रदेश का गौरव बढ़ा है।
राज्य स्तरीय निशानेबाजी प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 21 जुलाई 2026 तक रायपुर के चौथी वाहिनी, माना कैंप स्थित शूटिंग रेंज में किया गया, जिसमें प्रदेशभर के प्रतिभाशाली निशानेबाजों ने विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। शिफा ख्वाजा ने 50 मीटर प्रोन इवेंट में शानदार निशाना साधते हुए दो गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
रायपुर के सड्डू निवासी शिफा ख्वाजा ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी कोच शक्ति चंद्र, निशांत झा तथा अपने माता-पिता को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार और प्रशिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन व प्रोत्साहन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
शिफा के पिता अफरोज ख्वाजा अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से जुड़े हैं। वहीं उनके बड़े भाई अयान ख्वाजा भी राष्ट्रीय स्तर के सफल निशानेबाज हैं और ऑल इंडिया स्तर पर स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर चुके हैं।
शिफा ख्वाजा की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


