अंधेरे इलाकों को मिलेगी रोशनी, नगर निगम को हर माह होगी करीब पांच लाख रुपये की बिजली बचत
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। शहर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने और अंधेरे क्षेत्रों को रोशन करने के लिए नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। नगर निगम द्वारा शहर में 2500 सोलर लाइटें और 230 हाईमास्ट लाइटें स्थापित की जाएंगी, जिससे कई ऐसे इलाकों को रोशनी मिल सकेगी जहां अब तक बिजली के खंभे या तारों की व्यवस्था नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार नगर निगम इस परियोजना पर लगभग 8 करोड़ 26 लाख रुपये खर्च करेगा। योजना के तहत प्राथमिकता उन क्षेत्रों को दी जाएगी जहां बिजली के खंभे नहीं हैं अथवा खंभे होने के बावजूद अब तक बिजली के तार नहीं डाले जा सके हैं। ऐसे क्षेत्रों में सोलर लाइटें लगाकर अंधेरे की समस्या को दूर किया जाएगा।
नगर निगम का मानना है कि सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था न केवल पर्यावरण के अनुकूल होगी, बल्कि इससे बिजली की खपत में भी कमी आएगी। परियोजना पूरी होने के बाद नगर निगम को प्रतिमाह लगभग पांच लाख रुपये की बिजली बचत होने का अनुमान है।
शहर के प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों तथा जरूरत वाले इलाकों में हाईमास्ट लाइटें भी लगाई जाएंगी, जिससे रात के समय सुरक्षा व्यवस्था और आवागमन में भी सुविधा मिलेगी।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इस योजना से शहर की प्रकाश व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा और लंबे समय से अंधेरे की समस्या झेल रहे क्षेत्रों को स्थायी समाधान मिल सकेगा।


