HomeNEWS31वीं रबी दलहन समूह बैठक में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां

31वीं रबी दलहन समूह बैठक में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां

विद्यार्थियों ने लोकनृत्य, गीत और कविताओं से बिखेरी संस्कृति की छटा, प्लास्टिक प्रदूषण पर लघु नाटिका रही आकर्षण का केंद्र

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर में आयोजित 31वीं अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना रबी दलहन समूह बैठक के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों की लोक संस्कृति और सामाजिक संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता सहित कृषि एवं बीज क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सहायक महानिदेशक दलहन एवं तिलहन एस.के. झा, सहायक महानिदेशक बीज पी.आर. चौधरी तथा राष्ट्रीय बीज विज्ञान संस्थान, मऊ के कार्यवाहक निदेशक डॉ. ए. आनंदन की गरिमामयी उपस्थिति रही।

लोकनृत्यों और गीतों ने मोहा मन

सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पंजाबी, हरियाणवी और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के लोकनृत्य, लोकगीत एवं कविताओं की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक लोक संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद वैज्ञानिकों, अतिथियों और दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण प्लास्टिक प्रदूषण पर आधारित लघु नाटिका रही। विद्यार्थियों ने प्रभावी अभिनय के माध्यम से प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग से पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रस्तुत किया। नाटिका के माध्यम से प्लास्टिक का उपयोग कम करने और भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।

इसके अलावा विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कविताओं ने कार्यक्रम को भावपूर्ण और सार्थक बना दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी देखने को मिला।

सांस्कृतिक समिति का रहा महत्वपूर्ण योगदान

कार्यक्रम के सफल आयोजन में सांस्कृतिक समिति के सदस्य डॉ. अर्चना सिंह, डॉ. एकता शर्मा, डॉ. संघमित्रा महापात्रा, डॉ. विवेकानंद यादव, डॉ. लक्ष्मण, डॉ. ऐश्वर्या सिंह, डॉ. शिवानी चौधरी एवं कु. श्रेया का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर सहायक महानिदेशक दलहन एवं तिलहन एस.के. झा ने सभी प्रतिभागियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम को अत्यंत मनमोहक एवं उत्कृष्ट बताया।

उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी लोगों को धन्यवाद देते हुए विद्यार्थियों के उत्साह और प्रतिभा की प्रशंसा की। उनके आत्मीय एवं प्रभावी संबोधन के साथ सांस्कृतिक संध्या का समापन हुआ।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments