
हमीरपुर में 68 विद्यालयों के 4,031 छात्र-छात्राओं को मिला छात्रवृत्ति का लाभ, 55 विद्यालयों में हुआ मुख्यमंत्री के राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण
- सती कुशवाहा
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अल्प आय वर्ग के मेधावी छात्र-छात्राओं को शैक्षिक रूप से संबल प्रदान करने के उद्देश्य से छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति अंतरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
03 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10 बजे लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार से आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से पूर्वदशम कक्षा 9-10 तथा दशमोत्तर कक्षाओं के 4.60 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में 148 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि ऑनलाइन अंतरित की गई।
इसी क्रम में जनपद हमीरपुर में भी राज्यस्तरीय कार्यक्रम का 55 विद्यालयों में सजीव प्रसारण कराया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और छात्रवृत्ति योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
जनपद के 68 विद्यालयों के कुल 4,031 पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ मिला। इन विद्यार्थियों के आधार सीडेड बैंक खातों में कुल 9,85,840 रुपये की छात्रवृत्ति धनराशि अंतरित की गई।

छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के माध्यम से पात्र विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा को निरंतर बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। धनराशि सीधे बैंक खातों में भेजे जाने से योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।
कार्यक्रम के सजीव प्रसारण की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी हमीरपुर अशोक कुमार ने राजकीय इंटर कॉलेज हमीरपुर, विद्या मंदिर इंटर कॉलेज हमीरपुर तथा गायत्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, भरुआ सुमेरपुर का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालयों में सजीव प्रसारण की व्यवस्थाओं, छात्र-छात्राओं की सहभागिता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रशासन को कार्यक्रम के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
राजकीय इंटर कॉलेज हमीरपुर के परिसर में गंदगी एवं अव्यवस्था मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक महेश कुमार गुप्ता को तत्काल साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि छात्र-छात्राओं से संबंधित कार्यक्रमों में सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहनी चाहिए। उन्होंने पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए, ताकि पात्र छात्र-छात्राओं को सरकार की योजनाओं का लाभ समय से मिल सके।


