जन्मदिन को बनाया यादगार, स्वैच्छिक रक्तदान कर युवाओं से भी आगे आने की अपील
- निखिल गुप्ता
फतेहपुर। जन्मदिन को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए हजारी लाल फाटक चौक निवासी 55 वर्षीय राजेंद्र कुमार गुप्ता ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए अपने 55वें जन्मदिन पर स्वैच्छिक रक्तदान कर प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के वरिष्ठ सदस्य अजय कुमार साहू की प्रेरणा से मानस रक्तकेंद्र पहुंचकर रक्तदान किया।
रक्तदान के बाद मानस रक्तकेंद्र के प्रभारी अमन यादव ने राजेंद्र कुमार गुप्ता को प्रशस्ति पत्र, डायरी और पेन भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।

इस अवसर पर राजेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि “जन्मदिन को यादगार बनाने का इससे बेहतर कोई तरीका नहीं हो सकता। हमारा थोड़ा-सा रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। उम्र केवल एक संख्या है, यदि स्वास्थ्य ठीक है तो हर व्यक्ति को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।”
उन्होंने युवाओं और समाज के लोगों से नियमित रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
इस अवसर पर सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन से गुरमीत सिंह एवं अजय कुमार साहू, तथा मानस रक्तकेंद्र की ओर से अमन यादव और विष्णु उपस्थित रहे। सभी ने राजेंद्र कुमार गुप्ता के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान जैसे महादान से जुड़ने का आह्वान किया।


