NEWSUttar Pradesh

नीतीश कुमार फिर संभालेंगे बिहार की कमान, BJP ने तय किए दो डिप्टी CM के नाम

  • समय टुडे डेस्क।

बिहार विधानसभा चुनाव में मिली जोरदार जीत के बाद नए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। जेडीयू ने नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुन लिया है, जबकि भाजपा ने सम्राट चौधरी को नेता और विजय कुमार सिन्हा को उपनेता नामित किया है।

इस फैसले के साथ ही नीतीश कुमार का दोबारा मुख्यमंत्री बनना तय माना जा रहा है, जबकि सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, औपचारिक घोषणा आज शाम तक की जा सकती है।

जेडीयू के मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि बुधवार को पटना में हुई बैठक में नव-निर्वाचित विधायकों ने एकमत से नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना। यह निर्णय एनडीए की बैठक से पहले लिया गया, जिसमें नीतीश को गठबंधन का नेता चुने जाने की उम्मीद है।

सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार गुरुवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

उधर, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पुष्टि की कि भाजपा विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को नेता और विजय सिन्हा को उपनेता चुना गया। चौधरी ने हाल ही में तारापुर सीट जीती है, जबकि सिन्हा ने लखीसराय सीट बरकरार रखी।

गौरतलब है कि एनडीए ने 243 सीटों वाली विधानसभा में 202 सीटों पर जीत दर्ज कर सत्ता में वापसी की है। इसमें भाजपा को 89, जेडीयू को 85, एलजेपी (RV) को 19, एचएएम को 5 और आरएलएम को 4 सीटें मिलीं।

Related Articles

Back to top button