NEWSUttar Pradesh

ग्रीन एंड क्लीन उन्नाव: ‘चहकती बगिया–महकते फूल’ पहल की शुरुआत बच्चों ने किया पौधरोपण, विद्यालय परिसर हरियाली से हुआ सराबोर

  • विशाल कुमार

उन्नाव। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “ग्रीन एंड क्लीन उन्नाव” अभियान के तहत जिले में ‘चहकती बगिया–महकते फूल’ पहल की शुरुआत की गई। दो वर्ष पूर्व शुरू हुई यह मुहिम सब इंस्पेक्टर अनूप मिश्र ‘अपूर्व’ और शिक्षक व समाजसेवी प्रदीप कुमार वर्मा के नेतृत्व में जनभागीदारी के साथ लगातार आगे बढ़ रही है।

नगर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सुल्तानखेड़ा में ग्रीन एंड क्लीन टीम के संयोजक अनूप मिश्र ‘अपूर्व’, मुख्य सह संयोजक प्रदीप वर्मा और प्रधानाध्यापिका श्रद्धा सिंह के सहयोग से विद्यालय परिसर को हराभरा बनाने हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।


कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा पौधों की पूजा-अर्चना और पर्यावरण संरक्षण संदेश वाले पोस्टर प्रदर्शन से हुई। इस दौरान विद्यालय परिसर में बरगद, नीम, बेल, अमरूद सहित 21 पौधों का रोपण किया गया, जबकि 30 पौधे गमलों में लगाकर बगिया को आकर्षक रूप दिया गया। एसआई अनूप मिश्र ने पौधों को जल देकर संरक्षण का संदेश दिया, वहीं प्रधानाध्यापिका श्रद्धा सिंह और बच्चों ने मिलकर पौधों की गुड़ाई, थाला बनाना और मिट्टी चढ़ाने का कार्य किया। बच्चों ने पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया।

ग्रीन क्लास के दौरान अनूप मिश्र ने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़े व्यवहारिक ज्ञान प्रदान किए और ग्रीन ब्रिगेड का गठन कर पौधों को सुरक्षित रखने की शपथ दिलाई।
प्रधानाध्यापिका श्रद्धा सिंह ने घोषणा की कि विद्यालय को ग्रीन मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा और मासिक हरियाली गतिविधियाँ नियमित रूप से आयोजित की जाएँगी। कार्यक्रम में शिक्षामित्र कृति विश्वकर्मा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता गीता देवी और सूर्यकांति भी उपस्थित रहीं।

ग्रीन एंड क्लीन उन्नाव टीम के संयोजक अनूप मिश्र और मुख्य सह संयोजक प्रदीप वर्मा ने बताया कि आगामी वर्ष में 50,000 पौधे लगाने, स्वच्छता जागरूकता अभियान को और बढ़ाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में माइक्रो-लेवल कचरा प्रबंधन मॉडल लागू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

Related Articles

Back to top button