NEWSUttar Pradesh

कानपुर के मेडिकल कॉलेज ट्रामा सेंटर में बनेंगे दो हेलीपैड

गंभीर मरीजों को मिलेगी एयरलिफ्ट की सुविधा; पहली किश्त जारी

  • मनीष कुमार

कानपुर नगर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के एलएलआर अस्पताल परिसर में बनने वाले 300 बेड के अत्याधुनिक ट्रामा सेंटर के निर्माण की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शासन ने परियोजना के लिए 168 करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी कर दी है। कुल 495 करोड़ की लागत से बनने वाला यह छह मंजिला ट्रामा इंस्टीट्यूट वर्ष 2027 तक तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निर्माण कार्य पीडब्ल्यूडी को सौंपा गया है।

दो हेलीपैड से मिलेगी तेज एयरलिफ्ट सुविधा

नए ट्रामा सेंटर की सबसे बड़ी खासियत इसकी छत पर बनने वाले दो हेलीपैड होंगे। इन हेलीपैड की मदद से गंभीर मरीजों और दुर्घटनाग्रस्त लोगों को सीधे एयरलिफ्ट कर अस्पताल तक लाया जा सकेगा। इससे मरीजों को गोल्डन ऑवर में बेहतर इलाज उपलब्ध कराने में बड़ी मदद मिलेगी। यह सुविधा मिलने वाला प्रदेश का पहला ट्रामा सेंटर होगा।

एपेक्स ट्रामा इंस्टीट्यूट जैसा होगा ढांचा

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय काला ने बताया कि नया ट्रामा सेंटर केवल इलाज का केंद्र नहीं होगा, बल्कि एपेक्स ट्रामा इंस्टीट्यूट की तरह एक शैक्षणिक संस्था के रूप में भी कार्य करेगा। यहां डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और टेक्नीशियनों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।

भवन को दो वर्ष में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। तैयार होने के बाद यह प्रदेश का पहला ट्रामा इंस्टीट्यूट होगा, जिसमें इलाज और प्रशिक्षण—दोनों सुविधा एक ही छत के नीचे मिलेंगी।

300 बेड, 100 बेड का ICU और 15 ऑपरेशन थिएटर

छह मंजिला भवन में मरीजों के इलाज के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसमें शामिल होंगी—

  • 300 बेड की क्षमता
  • 100 बेड का आधुनिक ICU
  • 200 बेड के साथ समर्पित ट्रामा वार्ड
  • करीब 15 ऑपरेशन थिएटर
  • 50 बेड का आपदा प्रबंधन वार्ड (ट्रेन हादसा, बस हादसा या अन्य आपदाओं में उपयोग के लिए)

नोडल अधिकारी डॉ. मनीष सिंह के अनुसार, ट्रामा इंस्टीट्यूट में देशभर से विशेषज्ञ और ट्रेनिंग लेने वाले डॉक्टर पहुंचेंगे।

अत्याधुनिक जांच सुविधाएं भी होंगी उपलब्ध

ट्रामा सेंटर में आधुनिक जांच उपकरणों की भी व्यवस्था की जा रही है, जिसमें शामिल हैं—

  • दो सीटी स्कैन मशीनें
  • एक एमआरआई मशीन
  • दो डिजिटल एक्स-रे यूनिट
  • एक इको और ओपीजी मशीन
  • अत्याधुनिक पैथोलॉजी यूनिट
  • स्किल लैब प्रशिक्षण के लिए

इन सुविधाओं के साथ यह ट्रामा सेंटर प्रदेश की चिकित्सा व्यवस्था को एक नई दिशा देगा और गंभीर मरीजों के उपचार में बड़ा बदलाव ला सकेगा।

Related Articles

Back to top button