मण्डलीय उद्योग बंधु की बैठक में समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश

- दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। उद्यमियों की विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से मण्डलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन की अध्यक्षता में मण्डलीय उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन संयुक्त आयुक्त उद्योग सुनील कुमार ने किया।
बैठक में विद्युत, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, नगर निगम, केस्को, कानपुर मेट्रो, जीएसटी, कानपुर विकास प्राधिकरण, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, यूपीसीडा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कानपुर के औद्योगिक क्षेत्रों में सीवर लाइन कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। उप महाप्रबंधक, यूपीसीडा ने बताया कि पनकी औद्योगिक क्षेत्र (साइट-1 से 5) के लिए एसटीपी का आंगणन उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) द्वारा उपलब्ध करा दिया गया है और शासन से स्वीकृति भी मिल चुकी है। इसे पीएफडीए में स्वीकृति हेतु भेजा गया है। दादा नगर, अपट्रान स्टेट और बजरंगबली औद्योगिक क्षेत्र के लिए आंगणन शीघ्र तैयार किए जाने की जानकारी दी गई।
दादानगर सब-स्टेशन के लिए भूमि चिन्हांकन के संबंध में अधीक्षण अभियंता, केस्को ने बताया कि भूमि उपलब्ध हो गई है और स्थापना की प्रक्रिया प्रगति पर है। वहीं फजलगंज क्षेत्र के चक-84 में सीवर लाइन के शेष कार्य के लिए नगर निगम ने अतिरिक्त बजट की मांग की जानकारी दी।
एलएमएल चौराहे से भौंती बाईपास तक ग्रीन बेल्ट विकसित करने के प्रस्ताव पर कानपुर विकास प्राधिकरण के अधिशाषी अभियंता ने बताया कि सर्विस लेन के समानांतर फेंसिंग एवं ग्रीन बेल्ट निर्माण का आंगणन स्वीकृति प्रक्रिया में है और वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पूर्व कार्य पूर्ण कराने का लक्ष्य है।
रूमा औद्योगिक क्षेत्र में जल निकासी समस्या पर यूपीसीडा ने बताया कि नाले की सफाई हो चुकी है, लेकिन कुछ किसानों द्वारा पुनः बांध बनाकर जल का उपयोग सिंचाई में किए जाने से प्रवाह बाधित हो रहा है। इस पर मण्डलायुक्त ने यूपीसीडा, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम से स्थलीय निरीक्षण कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
दादा नगर से विजय नगर की ओर जाने वाली लेन को मोटरेबल बनाने के संबंध में जल निगम ने बताया कि 95 मीटर मार्ग पर पेयजल पाइपलाइन कार्य हेतु पुलिस विभाग से ट्रैफिक डायवर्जन की एनओसी प्रक्रियाधीन है। एनओसी मिलते ही एक माह में कार्य पूर्ण करने की बात कही गई।
पनकी अग्निशमन केंद्र के प्रशासनिक भवन के निर्माण हेतु टेंडर प्रक्रिया दूसरे चरण में है। मण्डलायुक्त ने वित्तीय स्वीकृतियां शीघ्र प्राप्त कर वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पूर्व निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
अंत में उद्यमी संगठनों ने समस्याओं को गंभीरता से सुनने और समयबद्ध समाधान के प्रयासों के लिए मण्डलायुक्त का आभार व्यक्त किया। संयुक्त आयुक्त उद्योग ने सभी अधिकारियों एवं उद्यमियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की।



