NEWS

शैक्षणिक सत्र से पहले चलाया जाए बाल आधार अभियान, 0–5 आयु वर्ग का नामांकन सुनिश्चित करें : जिलाधिकारी

  • प्रियंका द्विवेदी

कानपुर नगर। आधार नामांकन और अपडेट से जुड़े लंबित प्रकरणों पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सरसैयाघाट स्थित नवीन सभागार में गुरुवार देर शाम आयोजित जिला स्तरीय आधार मॉनिटरिंग समिति (डीएलएएमसी) की बैठक में डीएम ने स्पष्ट कहा कि 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी आधार आवेदन अधिकतम 45 दिनों के भीतर निस्तारित किए जाएं।

बैठक में 5 से 7 वर्ष आयु वर्ग (एमबीयू-1) और 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग (एमबीयू-2) के लंबित मामलों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने इन प्रकरणों का शत-प्रतिशत निस्तारण जल्द सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए विशेष अभियान चलाकर आधार नामांकन पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अप्रैल से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होने वाली है, ऐसे में विद्यालय प्रवेश के समय आधार की आवश्यकता को देखते हुए बाल आधार संतृप्ति पर विशेष ध्यान दिया जाए।

जनपद में इस समय 241 आधार किट सक्रिय हैं। जनवरी 2026 से अब तक 9093 नए आधार बनाए गए, जबकि 69,618 आधार अपडेट किए गए हैं। यूआईडीएआई एएसके केंद्र ने सर्वाधिक 2189 नए आधार बनाए और 19,716 आधार अपडेट किए। वहीं इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक ने अपनी 67 किटों के माध्यम से 1253 नए आधार नामांकन और 3781 अपडेट किए।

डीएम ने 100 वर्ष या उससे अधिक आयु के शतायु नागरिकों से जुड़े लंबित सत्यापन मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। आधार वेरिफिकेशन पोर्टल पर ऐसे सभी प्रकरणों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के साथ निष्क्रिय आधार किटों को तत्काल सक्रिय करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि नामांकन और अपडेट कार्य में तेजी लाई जा सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सीएम डैशबोर्ड पर योजनाओं की समीक्षा

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड पर दर्ज विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। इसमें विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, आईसीडीएस पोषण अभियान, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति दशमोत्तर छात्रवृत्ति, सामान्य वर्ग पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना, जल जीवन मिशन और फैमिली आईडी योजना शामिल रहीं।

डीएम ने निर्देश दिए कि नगर निगम के सभी जोनल कार्यालयों में फैमिली आईडी बनाने के लिए विशेष कैंप लगाए जाएं और सभी सरकारी कर्मचारियों का फैमिली आईडी बनना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर जोर दिया गया।

Related Articles

Back to top button