महाशिवरात्रि पर्व से पहले श्री वनखण्डेश्वर मंदिर का पुलिस ने किया निरीक्षण

- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। आगामी महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने 13 फरवरी 2026 को श्री वनखण्डेश्वर मंदिर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति तथा आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का गहनता से जायजा लिया गया। अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मंदिर संचालन समिति के प्रतिनिधियों से भी संवाद किया गया। पुलिस प्रशासन की ओर से मंदिर प्रबंधन को श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुचारु व्यवस्थाओं के लिए बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त थाना बजरिया क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अन्य मंदिरों का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन तथा पर्व के दौरान संभावित व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।



