होली, होलिका दहन व रमजान को लेकर पुलिस अलर्ट, पीस कमेटी संग हुई अहम बैठक

- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। आगामी होलिका दहन, होली पर्व एवं रमजान माह को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से 24 फरवरी 2026 को पुलिस कार्यालय सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल तथा अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) विपिन ताडा ने की।
बैठक में पीस कमेटी के सदस्यों और विभिन्न कार्यक्रम आयोजकों के साथ त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने आयोजकों के सुझाव सुने और संभावित चुनौतियों, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, नमाज के समय तथा जुलूस व अन्य आयोजनों के समन्वय पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया।

अधिकारियों ने निर्देश दिए कि संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रमुख स्थानों पर सतत निगरानी रखने और गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।
पुलिस प्रशासन ने सभी से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की।



