NEWSUttar Pradesh

इटावा में हाईवे पर बनेगा बड़ा ट्रामा सेंटर: डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, अखिलेश के बयान पर भी दी प्रतिक्रिया

  • मोहिनी सिंह

इटावा। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने इटावा दौरे के दौरान हाईवे किनारे एक बड़े ट्रामा सेंटर के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस ट्रामा सेंटर का संचालन सैफई आयुर्विज्ञान संस्थान द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का उद्घाटन भी किया और कहा कि इससे आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइयां किफायती दरों पर मिल सकेंगी।

इस मौके पर बैंक ऑफ इंडिया और सैफई आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के बीच एमओयू भी साइन किया गया। पाठक ने इसे स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

प्रतिदिन 5000 मरीजों की ओपीडी

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सैफई आयुर्विज्ञान संस्थान तेजी से प्रगति कर रहा है। यहां प्रतिदिन लगभग 5000 मरीजों की ओपीडी हो रही है और लगातार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 500 बेड के अस्पताल का उद्घाटन किया गया है और आगे भी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।

हाईवे दुर्घटनाओं को देखते हुए निर्णय

बृजेश पाठक ने कहा कि हाईवे पर होने वाली दुर्घटनाओं में घायल मरीजों को बड़ी संख्या में सैफई लाया जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए हाईवे पर ट्रामा सेंटर स्थापित करने का निर्णय लिया गया है और इसके लिए प्रस्ताव मांगा गया है।

अविमुक्तेश्वरानंद महाराज पर दर्ज मुकदमे के सवाल पर उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

अखिलेश यादव के बयान पर जवाब

अखिलेश यादव के “100 विधायक लेकर मुख्यमंत्री बन जाइए” वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पाठक ने कहा कि राजनीति में इस प्रकार की बातों का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा को आशीर्वाद दिया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरीब कल्याणकारी योजनाओं तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। उनके अनुसार उत्तर प्रदेश कानून-व्यवस्था और अवसंरचना के मामले में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

स्थापना दिवस कार्यक्रम में रहे मौजूद

आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई के स्थापना दिवस समारोह में जिला जज राजेश सिंह, जिलाधिकारी शुभ्रम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक बृजेश श्रीवास्तव, अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य अमित कुमार घोष, कुलपति प्रो. अजय सिंह, निदेशक प्रो. सीएम सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता, विधायक सरिता भदौरिया सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button