NEWSUttar Pradesh

महिला दिवस पर लोलई गांव में महिला सम्मान व होली मिलन समारोह, डिंपल यादव रहीं मुख्य अतिथि

कार्यक्रम की आयोजक और फाउंडेशन की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि उनका उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं को रोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने महिलाओं को झांसी की रानी के साहस और संघर्ष से प्रेरणा लेते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

  • अनुराधा सिंह

लखनऊ। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लागन उद्यमी महिला फाउंडेशन की ओर से लोलई गांव में महिला सम्मान एवं होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के कमजोर और वंचित वर्ग की उन महिलाओं को सम्मानित करना था, जो छोटे-छोटे प्रयासों से आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार और समाज के लिए प्रेरणा बन रही हैं। कार्यक्रम का आयोजन फाउंडेशन की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मैनपुरी सांसद डिंपल यादव रहीं। उन्होंने लोलई और मल्हौर क्षेत्र की महिलाओं से संवाद करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद साहस, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने वाली महिलाएं समाज की असली ताकत हैं। उन्होंने कहा कि यदि कमजोर वर्ग की महिलाओं को उचित अवसर और सहयोग मिले तो वे देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। उन्होंने इस पहल के लिए फाउंडेशन की पूरी टीम को बधाई भी दी।

इस अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई चिकित्सकों को भी सम्मानित किया गया। इनमें डॉ. शेली महाजन, डॉ. अमित रंजन, डॉ. नेहा साहू, डॉ. ज्योति, डॉ. गुंजन और डॉ. हर्षा महान शामिल रहे।

इसके साथ ही महिला सम्मान श्रेणी में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा बहुओं, स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं तथा सामाजिक, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यवसाय और योग जैसे क्षेत्रों में सक्रिय महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें कई महिलाएं सिलाई, पार्लर, सब्जी और अन्य वस्तुओं की दुकानों जैसे लघु उद्यमों के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रही हैं।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. निर्मला पंत (निदेशक, लखनऊ कैंसर संस्थान), अमिता कन्नौजिया, डॉ. ज्योति और मीरा पुरवार उपस्थित रहीं। इसके अलावा उर्वशी आहूजा, लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर तथा डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान की निमिषा सोनकर सहित कई गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एंकर जोहरी ने किया।

इस दौरान पंकज जायसवाल, डॉ. प्रियंका यादव और अमित कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने आपसी सौहार्द और उत्साह के साथ एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में यह आयोजन एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button