NEWSUttar Pradesh

उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर उन्नाव में पुलिस अलर्ट, एसएसपी ने रिजर्व पुलिस लाइन में की ब्रीफिंग

  • विशाल कुमार

उन्नाव। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए उन्नाव पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 11 मार्च 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह ने रिजर्व पुलिस लाइन उन्नाव में ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की।

ब्रीफिंग के दौरान एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पुलिसकर्मियों को पूर्ण सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, नकल या संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जाए।

एसएसपी ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न जुटने दी जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित चेकिंग की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपील की।

Related Articles

Back to top button