NEWSUttar Pradesh

तुर्कीपुर और कनौती में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 80 लाख की सरकारी भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त

  • दीपांशु सावरन

औरैया। जनपद में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए शनिवार को तहसील सदर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यह अभियान जिलाधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी सदर अजय आनंद वर्मा के नेतृत्व में चलाया गया।

अभियान के तहत ग्राम तुर्कीपुर में चकरोड गाटा संख्या 242 व 254 तथा बंजर गाटा संख्या 231 (क्षेत्रफल लगभग 0.117 हेक्टेयर) पर किए गए अवैध कब्जों को पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। प्रशासन के अनुसार चकरोड पर कई व्यक्तियों ने कब्जा कर रखा था, जबकि बंजर भूमि पर रामू और जबर सिंह का अवैध कब्जा पाया गया।

इसके अलावा ग्राम कनौती में गाटा संख्या 65 (क्षेत्रफल 0.069 हेक्टेयर), जो ग्राम सभा के खेल मैदान के रूप में दर्ज है, उस पर किए गए अवैध कब्जे को भी हटाया गया। यहां शंभू दयाल, प्रेम नारायण और रामदास द्वारा कब्जा किया गया था, जिसे जेसीबी के माध्यम से हटाकर भूमि को मुक्त कराया गया।

कार्रवाई के दौरान दोनों स्थानों पर कब्जाधारकों द्वारा विरोध भी किया गया, लेकिन उपजिलाधिकारी के निर्देश पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया और अभियान को शांतिपूर्वक पूरा कराया।

इस दौरान नायब तहसीलदार अशोक कुमार, कानूनगो संतोष सेंगर, लेखपाल प्रतिमा लक्ष्मी, अनोज कुमार, विनय कुमार, विमलेश मोहन, सुधीर, अश्वनी सहित अन्य राजस्व कर्मी मौजूद रहे। वहीं थाना फफूंद के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे।

प्रशासन के अनुसार दोनों गांवों में मिलाकर करीब 80 लाख रुपये मूल्य की सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button