उच्च शिक्षण संस्थानों में शांति बनाए रखने को लेकर डीसीपी पश्चिम ने प्रबंधकों संग की बैठक

- प्रियंका द्विवेदी
कानपुर नगर। उच्च शिक्षण संस्थानों में शांति, अनुशासन और बेहतर समन्वय बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) एस.एम. कासिम आबिदी ने अपने कार्यालय में पश्चिम जोन के अंतर्गत आने वाले विभिन्न कॉलेजों के प्रबंधकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों और छात्रों के बीच उत्पन्न होने वाली समस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना था। हाल के समय में शहर के कुछ शिक्षण संस्थानों में छात्रों और शिक्षकों के अलग-अलग गुटों के बीच विवाद की घटनाएं सामने आने के बाद यह बैठक आयोजित की गई, ताकि ऐसी परिस्थितियों को समय रहते रोका जा सके और शैक्षणिक माहौल को शांतिपूर्ण व अनुशासित बनाए रखा जा सके।

बैठक के दौरान डीसीपी पश्चिम ने कॉलेज प्रबंधकों से अपील की कि संस्थानों में अनुशासन बनाए रखने के साथ छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से किया जाए। किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने और छात्र-शिक्षक संवाद प्रणाली को सुदृढ़ बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शिक्षण संस्थानों में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अराजकता या विवाद की स्थिति में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित सभी प्रबंधकों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए संस्थानों में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने की सहमति जताई।



