नवरात्रि और रामनवमी को लेकर एडीजी लखनऊ जोन ने किया नैमिषारण्य धाम का निरीक्षण

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
- शालिनी शर्मा
लखनऊ। 15 मार्च 2026 को अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन प्रवीण कुमार ने सीतापुर जनपद स्थित नैमिषारण्य धाम का भ्रमण किया। आगामी नवरात्रि और रामनवमी पर्व को ध्यान में रखते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान अपर पुलिस महानिदेशक ने पुलिस अधिकारियों के साथ गोष्ठी कर पर्व के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत चर्चा की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। साथ ही भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, यातायात संचालन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समुचित पुलिस बल की तैनाती करने के निर्देश भी दिए गए।
अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि त्योहार के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।



