झांसी की बेटी डॉ. प्रियंका साहू बनीं ‘VG Global Mrs. India National’ की फाइनलिस्ट, दिल्ली में होगा ग्रैंड फिनाले

डॉक्टर, मां और सामाजिक जिम्मेदारियों के साथ नई पहचान, 17 से 22 मार्च तक दिल्ली में होने वाले नेशनल इवेंट के फाइनल में करेंगी प्रतिभाग
- समय टुडे डेस्क।
बुंदेलखंड की धरती एक बार फिर गौरवान्वित हुई है। झांसी की बेटी डॉ. प्रियंका साहू का चयन प्रतिष्ठित VG Global Mrs. India National प्रतियोगिता के फाइनलिस्ट के रूप में हुआ है। इस नेशनल लेवल इवेंट का फाइनल 17 मार्च से 22 मार्च के बीच दिल्ली के छतरपुर स्थित होटल फेयरली में आयोजित किया जाएगा।
डॉ. प्रियंका साहू ने अपनी एमबीबीएस की पढ़ाई कानपुर के जी.एस.वी.एम. मेडिकल कॉलेज से पूरी की है, जबकि पोस्ट ग्रेजुएशन प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज से किया है। वर्तमान में वह प्रतापगढ़ के ऑटोनॉमस स्टेट मेडिकल कॉलेज में सीनियर डॉक्टर के पद पर कार्यरत हैं।

डॉ. प्रियंका की इस उपलब्धि में उनके पति डॉ. सत्येंद्र कुमार का विशेष सहयोग रहा है। उन्होंने हमेशा अपनी पत्नी का हौसला बढ़ाया और हर कदम पर उनका साथ दिया। डॉ. सत्येंद्र कुमार ने भी एमबीबीएस की पढ़ाई जी.एस.वी.एम. मेडिकल कॉलेज, कानपुर से की है। वे पूर्व में झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में एनेस्थीसिया विभाग में सेवाएं दे चुके हैं और वर्तमान में जालौन के मेडिकल कॉलेज उरई में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
डॉ. प्रियंका साहू अपने चार साल के बच्चे की जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ अपने पेशे और सामाजिक दायित्वों को भी सफलतापूर्वक निभा रही हैं। वह सम्यक पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य होने के साथ ही उत्तर प्रदेश महिला अध्यक्ष के पद की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं।
उनकी इस उपलब्धि से झांसी ही नहीं बल्कि पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। अब सभी की निगाहें 17 से 22 मार्च के बीच दिल्ली में होने वाले इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के फाइनल पर टिकी हैं, जहां डॉ. प्रियंका साहू देशभर की प्रतिभागियों के बीच अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।



