मिशन शक्ति 5.0: कानपुर पश्चिम जोन में एंटी रोमियो टीम का जागरूकता अभियान

- प्रतीक कुमार
कानपुर नगर। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत कमिश्नरेट कानपुर नगर के पश्चिम जोन में एंटी रोमियो टीम द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। 20 मार्च 2026 को संचालित इस अभियान में सभी थाना क्षेत्रों में पहुंचकर बालक-बालिकाओं को नारी सुरक्षा एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान 1090, 1076, 1098, 112, 181 और 1930 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही यूपी COP ऐप के माध्यम से मिलने वाली जनसुविधाओं और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म—व्हाट्सएप, ट्विटर, फेसबुक व इंस्टाग्राम के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

इसके अलावा महिलाओं एवं बालिकाओं को राज्य सरकार की विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराते हुए उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा के प्रति आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

अभियान का उद्देश्य “नारी सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण” को मजबूत करना है, जिसके तहत कानपुर पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है।



