नारी शक्ति का शंखनाद: ‘Her Stage 2026’ में 100 से अधिक महिलाएं व बालिकाएं सम्मानित


करियर काउंसलिंग और साइबर सुरक्षा पर विशेष सत्र, आत्मनिर्भरता पर जोर
दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शहर में ‘Her Stage 2026’ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें नारी सशक्तिकरण की सशक्त झलक देखने को मिली। साकेत नगर स्थित ओरिसियन ग्रैंड होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में 100 से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों और उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
द इवेंट्स, शीरोज शक्ति और ह्यूमन्स स्कूल ऑफ इंटेलिजेंस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सम्मान देने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान ऐश्वर्या शुभम द्विवेदी, स्वाति शुक्ला, बिंदु सिंह, शिखा शुक्ला, कविता मिश्रा और दीप्ति राय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


आयोजन के दौरान प्रतिभागियों के लिए विशेष करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें युवतियों को उनके भविष्य के करियर विकल्पों और संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए साइबर सुरक्षा पर कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें विशेषज्ञों ने ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी समां बांधा। प्रतिभागियों ने गीत, नृत्य और कविता पाठ के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।
आयोजकों ने बताया कि ‘Her Stage’ का उद्देश्य केवल सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को रोजगार के नए अवसरों से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना भी है। कार्यक्रम के अंत में भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया।



