महिला मंडल ने हर्षोल्लास के साथ मनाया डॉ. सुषमा सेंगर का जन्मदिन, भव्य कवि सम्मेलन आयोजित

कवि सम्मेलन में जुटे शहर के साहित्यकार
- प्रतीक कुमार
कानपुर नगर। श्री संकट मोचन विजय हनुमान एवं दुर्गा मंदिर समिति, किदवई नगर में महिला मंडल के निवेदन पर साहित्यकार सहयोग संगठन के संयोजन में एक भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम काउंसलर एवं कवयित्री डॉ. सुषमा सेंगर के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित हुआ।
वाणी वंदना से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ निधि मद्धेशिया द्वारा प्रस्तुत वाणी वंदना से हुआ, जबकि संचालन स्वयं डॉ. सुषमा सेंगर ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक कुमार मिश्र ‘निर्मल’ ने की तथा मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अजित शुक्ला उपस्थित रहे।
22 साहित्यकारों ने किया काव्यपाठ
इस अवसर पर कानपुर के लगभग 22 साहित्यकारों ने अपनी सशक्त रचनाओं का काव्यपाठ कर वातावरण को साहित्यिक रंगों से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में डॉ. राजा हसन ‘राजा’ को नवोदित कवि के रूप में सम्मानित किया गया।
प्रमुख कवियों की रही सहभागिता
काव्यपाठ करने वाले प्रमुख साहित्यकारों में अनिल शुक्ला ‘मधुकर’, विद्या शंकर अवस्थी, कनक लता गौर, गोपीकृष्ण बाजपेयी, महेंद्र मधुकर, त्रिभुवन शंकर मिश्र ‘चातक’, अक्षत व्योम, नज़र कानपुरी, रीता सिंह, संजीव मिश्रा, अजय श्रीवास्तव, अवधेश विश्वकर्मा, आदित्य कटियार एवं आरती वर्मा शामिल रहे।
अतिथियों का स्वागत व सम्मान
कार्यक्रम में समाजसेवी वीरेंद्र चौहान ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। वहीं महिला मंडल की ओर से अध्यक्ष नीलम चौहान, महामंत्री रेनू शुक्ला सहित अन्य सदस्यों ने माता रानी के गीत गाकर उत्सव का माहौल बनाया और डॉ. सुषमा सेंगर का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया।
सम्मान समारोह भी हुआ आयोजित
इस अवसर पर नारी जागृति एवं समस्या निदान केंद्र की प्रबंधक सीमा त्रिपाठी एवं नीलम चौहान ने कार्यक्रम संयोजक डॉ. सुषमा सेंगर का सम्मान किया।
साहित्य और संस्कृति का दिखा संगम
कार्यक्रम में साहित्य, समाजसेवा और सांस्कृतिक एकता का सुंदर संगम देखने को मिला, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय बना रहा।



