अफवाहों पर सरकार का विराम: देश में पेट्रोल-डीजल और LPG की कोई कमी नहीं

पेट्रोलियम मंत्रालय ने दी सफाई, कहा— आपूर्ति पूरी तरह सामान्य, घबराकर खरीदारी से बचें
- समय टुडे डेस्क।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर विराम लगाते हुए स्पष्ट किया है कि ऊर्जा आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित और स्थिर है। मंत्रालय के अनुसार देश में कहीं भी ईंधन की कोई कमी नहीं है और सभी पेट्रोल पंप व गैस एजेंसियां सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।
मंत्रालय ने कहा कि गलत सूचना और दहशत फैलाने वाली खबरें पूरी तरह निराधार हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें और अफवाहों से दूर रहें।
अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और देश के पास प्रतिवर्ष लगभग 26 करोड़ टन कच्चे तेल को रिफाइन करने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में कुछ स्थानों पर लंबी कतारें देखी गईं, जो घबराहट में की गई खरीदारी का परिणाम हैं।
उन्होंने आश्वस्त किया कि पेट्रोल पंपों और टर्मिनलों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है तथा कीमतों में कोई वृद्धि नहीं की गई है। साथ ही सरकार पाइपलाइन गैस (PNG) को प्राथमिकता देते हुए घरेलू उपभोक्ताओं को 100 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है।
मंत्रालय के अनुसार सीएनजी और पीएनजी दोनों की आपूर्ति भी निर्बाध रूप से जारी है। देशभर में गैस पाइपलाइन नेटवर्क के विस्तार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए समयबद्ध योजना पर काम किया जा रहा है।
पश्चिम एशिया में चल रहे हालात के बीच मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि भारत में ईंधन की उपलब्धता पर कोई असर नहीं है और जनता को किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी गई है।



