NEWSUttar Pradesh

कानपुर में 29 मार्च को प्रांतीय अभ्यास वर्ग, कार्यकर्ताओं को मिलेगा प्रशिक्षण

रमईपुर नौबस्ता स्थित एस. जे. महाविद्यालय में होगा आयोजन।

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास कानपुर प्रांत द्वारा 29 मार्च, रविवार को एक दिवसीय प्रांतीय अभ्यास वर्ग का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम रमईपुर नौबस्ता स्थित एस. जे. महाविद्यालय में आयोजित होगा, जिसमें प्रांत के विभिन्न जिलों से कार्यकर्ता भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

न्यास की प्रांतीय संयोजिका डॉ. बिंदू सिंह ने बताया कि इस अभ्यास वर्ग का मुख्य उद्देश्य संगठन के नए एवं दायित्ववान कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना है। कार्यक्रम में न्यास के विभिन्न आयामों, कार्यशैली, उद्देश्यों और संगठन विस्तार की रणनीतियों से कार्यकर्ताओं को अवगत कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभ्यास वर्ग के दौरान कार्यकर्ताओं को संगठन में प्रभावी भूमिका निभाने, टीम निर्माण करने और नए सदस्यों को जोड़ने के तरीकों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही ‘पंच परिवर्तन से समाज परिवर्तन’ विषय पर विशेष व्याख्यान भी आयोजित होगा, जिससे प्रतिभागियों को सामाजिक कार्यों की दिशा में नई दृष्टि मिलेगी।

कार्यक्रम सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक विभिन्न चरणों में संचालित होगा। इसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कानपुर प्रांत के प्रचारक श्रीराम जी, विवेकानंद विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. अजय तिवारी, न्यास के राष्ट्रीय सह संयोजक संजय स्वामी, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. कीर्ति विक्रम सिंह सहित कई विशिष्टजन अपने विचार साझा करेंगे।

इसके अतिरिक्त बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष व प्रांतीय अध्यक्ष प्रो. अवनीश कुमार, पी.पी.एन. डिग्री कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अनूप सिंह तथा न्यास के वैदिक गणित के राष्ट्रीय सह संयोजक राकेश भाटिया सहित कई शिक्षाविद और पदाधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

इस अभ्यास वर्ग के माध्यम से कार्यकर्ताओं में संगठनात्मक दक्षता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा को सुदृढ़ करने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button