संडीला में महिला सम्मेलन आयोजित, महिलाओं ने लिया सपा सरकार बनाने का संकल्प


बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी, 2027 में सपा सरकार बनाने का लिया संकल्प
- प्रतीक कुमार
हरदोई। जनपद हरदोई के संडीला विधानसभा क्षेत्र में जिलाध्यक्ष शराफत अली के नेतृत्व में महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह उपस्थित रहीं। सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भागीदारी कर अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का संचालन अकील अहमद ने किया।
सम्मेलन के दौरान महिलाओं ने अपनी समस्याओं को साझा किया और हाथ उठाकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुनः मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि जूही सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि अखिलेश यादव के मुख्यमंत्रित्वकाल में महिलाओं के हित में कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की गई थीं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ के तहत महिलाओं के खातों में ₹40,000 भेजे जाने की घोषणा की जा चुकी है। इसके साथ ही महिलाओं को रोजगार से जोड़ने, उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की बात भी कही गई।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष विशाल अर्कवंशी, अर्चना अर्कवंशी, पूनम सरोज, प्रदीप कुशवाहा एवं नीरज पुजारी सहित अन्य कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।



