HomeNEWSसीडीओ दीक्षा जैन ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के...

सीडीओ दीक्षा जैन ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश

संपूर्ण समाधान दिवस में 104 शिकायतें, 8 का मौके पर निस्तारणसीडीओ दीक्षा जैन ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश

  • प्रियंका द्विवेदी

कानपुर नगर। मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन की अध्यक्षता में शनिवार को मर्चेंट चेंबर ऑफ कॉमर्स में सदर तहसील का संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। जनसुनवाई के दौरान कुल 104 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 8 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को राहत दी गई।

शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेकर उसका शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो।

समाधान दिवस में कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। ग्राम भिसार निवासी नरेंद्र सिंह की खतौनी में नाम संशोधन का प्रकरण लेखपाल को निर्देशित कर तुरंत ठीक कराया गया। चकेरी निवासी रामबाबू की खतौनी में पूर्व आदेश अंकित न होने की समस्या भी तत्काल दूर की गई।

राजीव विहार नौबस्ता निवासी कुंती पांडेय की विधवा पेंशन संबंधी शिकायत पर जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 की सभी किस्तें उनके खाते में अंतरित की जा चुकी हैं, जिससे वह संतुष्ट हुईं। इसी प्रकार ग्राम जरौली की मालती द्विवेदी का नाम संशोधन प्रकरण भी मौके पर निस्तारित किया गया।

ग्राम उदयपुर निवासी कुमारी सोनी का आय प्रमाण पत्र शिविर के माध्यम से तत्काल ऑनलाइन बनवाया गया। वहीं कल्याणपुर निवासी सरवर अली के पिता के शस्त्र लाइसेंस को सरेंडर कराने के लिए संबंधित थाना प्रभारी को निर्देशित कर कार्रवाई कराई गई। मसवानपुर निवासी सृजना देवी की खतौनी संबंधी समस्या का भी मौके पर समाधान किया गया।

समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग के 32, पुलिस के 16, नगर निगम के 14, केडीए के 9, केस्को के 7, डूडा के 3, जलकल के 2 तथा अन्य विभागों से संबंधित प्रकरण शामिल रहे।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व उपजिलाधिकारी सदर अनुभव सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर में 26 को मिला यूडीआईडी कार्ड

संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर मर्चेंट चेंबर सभागार में दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर सेवाएं प्रदान की गईं।

शिविर में 38 दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड एवं दिव्यांगता प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन कराए गए। दिव्यांग बोर्ड के चिकित्सकों द्वारा शारीरिक परीक्षण के बाद 26 दिव्यांगजनों को मौके पर ही प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड वितरित किए गए।

शेष आवेदनों में 11 को विस्तृत परीक्षण के लिए रेफर किया गया, जबकि 1 आवेदन निरस्त किया गया। इसके अतिरिक्त 8 दिव्यांगजनों को आय प्रमाण पत्र जारी किए गए, 3 का दिव्यांग पेंशन योजना में पंजीकरण हुआ तथा 4 को सहायक उपकरण योजना के अंतर्गत चिन्हित किया गया। एक दिव्यांगजन का बैंक खाता खोलकर एटीएम कार्ड भी उपलब्ध कराया गया।

सीडीओ ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर और सरलता से उपलब्ध कराया जाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments