ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखा गया, विशेषज्ञों ने किया विस्तृत मूल्यांकन
- नरेश राठौर
झांसी। आयुष्मान आरोग्य मंदिर (AAM-SC), अमगांव में NQAS (नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स) के तहत नेशनल सर्टिफिकेशन के लिए वर्चुअल असेसमेंट सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह असेसमेंट भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार NHSRC द्वारा आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को राष्ट्रीय स्तर पर परखना है।
असेसमेंट के दौरान राष्ट्रीय स्तर के बाह्य मूल्यांकनकर्ताओं हरकोमल शर्मा एवं निर्मल नेगी ने वर्चुअल माध्यम से स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध सेवाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र पर संचालित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का परीक्षण किया गया, जिसमें गर्भावस्था एवं प्रसव देखभाल, शिशु, बाल एवं किशोर स्वास्थ्य सेवाएं, परिवार नियोजन, संचारी एवं गैर-संचारी रोगों (NCD) की स्क्रीनिंग तथा नवजात स्वास्थ्य सेवाएं शामिल रहीं।
कार्यक्रम में टीमवर्क की शानदार झलक देखने को मिली। सीएचओ शिवम चतुर्वेदी एवं एएनएम गीता बाजपेई ने सभी क्लीनिकल रिकॉर्ड एवं सेवाओं का उत्कृष्ट प्रस्तुतीकरण किया। इस मौके पर अधीक्षक डॉ. एम.पी. राजपूत, सेक्टर मेडिकल ऑफिसर डॉ. गजेंद्र सेगर, ए.आर.ओ. सर्वेश श्रीवास्तव, बीपीएम धीरज किशोर गुप्ता, बीसीपीएम राजेश सिंह, क्षेत्रीय पर्यवेक्षक राजेशपाल, आशा एवं आशा संगिनी सहित समस्त स्वास्थ्य स्टाफ उपस्थित रहा।
NQAS सर्टिफिकेशन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को सुरक्षित, सुलभ और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। इस प्रक्रिया से न केवल स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि मरीजों का भरोसा भी मजबूत होगा।
इस पहल से अमगांव स्वास्थ्य केंद्र को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है और यह ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
“गुणवत्ता की ओर हर कदम — स्वस्थ समाज की मजबूत नींव”


