रस्सी से लेन चिन्हांकन, रूट मार्शल तैनात; अतिक्रमण रोकने को दुकानदारों से अपील
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार ने ‘Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme’ के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत घंटाघर चौराहे का विशेष निरीक्षण किया। इस दौरान चौराहे पर यातायात को सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए रस्सी के माध्यम से स्पष्ट लेन चिन्हांकन कराया गया, ताकि वाहनों की आवाजाही निर्धारित मार्गों में सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान दुकानों के सामने भी रस्सी द्वारा सीमांकन किया गया और दुकानदारों से संवाद स्थापित कर उन्हें अतिक्रमण न करने के लिए जागरूक किया गया। दुकानदारों से अपील की गई कि वे सड़क पर अनावश्यक सामान न रखें और ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित रूप से कराएं, जिससे चौराहे पर जाम की स्थिति न बने।
यातायात व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए घंटाघर चौराहे पर रूट मार्शल की तैनाती की गई है। साथ ही चौराहे के चिन्हित चोक प्वाइंट्स (Choke Points) की पहचान कर उनके कारणों को दूर करने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिससे यात्रियों के ट्रैवल टाइम को कम किया जा सके।
इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य अनावश्यक जाम को समाप्त करना, यातायात प्रवाह को निर्बाध बनाए रखना और आम नागरिकों के समय की बचत करना है। पुलिस उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और यातायात कर्मियों को निर्देश दिए कि चिन्हित रूट व्यवस्था हर समय स्पष्ट और अवरोध मुक्त बनी रहे।
मौके पर एडीसीपी यातायात कपिल देव सिंह और यातायात निरीक्षक लाइन रविन्द्र कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।


