HomeNEWSभाजपा सरकार पर अखिलेश यादव का हमला, बोले—जनता बदलाव चाहती है

भाजपा सरकार पर अखिलेश यादव का हमला, बोले—जनता बदलाव चाहती है

2027 चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को किया सतर्क, कानून-व्यवस्था और विकास पर उठाए सवाल

  • अखिलेश कुमार अग्रहरि

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उसका राजनीतिक चरित्र जनविरोधी है और वह लोकतंत्र के साथ धोखा कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है और आम जनता को बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं।

गुरुवार को Samajwadi Party के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में 2024 लोकसभा चुनाव से भी अधिक सतर्कता बरतने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भाजपा की साजिशों से सावधान रहने और बूथ स्तर पर सक्रिय रहने का आह्वान किया।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में फर्जी हस्ताक्षर कर वोट कटवाने जैसी घटनाएं सामने आई हैं, जबकि Election Commission of India इस पर निष्क्रिय बना हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि इस पर सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।

उन्होंने भाजपा सरकार पर विकास के नाम पर जनता को गुमराह करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी योजना के बावजूद राजधानी सहित बड़े शहरों में यातायात व्यवस्था बदहाल है और सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रहती है। लखनऊ में बनाए गए ग्रीन कॉरिडोर की डिजाइन पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने इसे अव्यवहारिक बताया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के नौ वर्षों के कार्यकाल में एक भी नया बिजली प्लांट स्थापित नहीं किया गया और स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ताओं के बिल में धांधली की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों के हितों की अनदेखी की जा रही है और कई योजनाएं बंद कर दी गई हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार के कार्यकाल में प्रदेश को एक्सप्रेस-वे जैसी विश्वस्तरीय परियोजनाएं मिलीं और विकास के नए आयाम स्थापित हुए। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश को फिर से विकास के रास्ते पर लाने के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना जरूरी है।

इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments