बारिश व तेज हवाओं से प्रभावित खेतों का जायजा, किसानों को जल्द मुआवजे का भरोसा
- प्रतीक कुमार
महोबा। जिलाधिकारी महोबा ग़ज़ल भारद्वाज ने जनपद में हाल ही में हुई बारिश और तेज हवाओं से फसलों को हुए संभावित नुकसान को गंभीरता से लेते हुए तहसील महोबा के ग्राम बसौरा और मिरतला का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान राजस्व, कृषि एवं आपदा प्रबंधन विभाग की टीम भी उनके साथ मौजूद रही।
निरीक्षण के दौरान डीएम ग़ज़ल भारद्वाज ने गेहूं, सरसों, चना एवं सब्जी की फसलों की स्थिति का जायजा लिया और मौके पर मौजूद किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित किसानों का तत्काल सर्वे कर फसल क्षति का पारदर्शी और प्रमाणिक आकलन तैयार किया जाए।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पंचायतवार क्षति सूची समयबद्ध तरीके से तैयार कर जिला मुख्यालय भेजी जाए और कोई भी पात्र किसान मुआवजे से वंचित न रहे। साथ ही प्राथमिक रिपोर्ट शीघ्र शासन को भेजने और प्रभावित किसानों को जल्द राहत राशि उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

इसके अलावा कृषि विभाग को किसानों को फसल सुरक्षा उपायों, बीमा योजनाओं और तकनीकी सहायता के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ग़ज़ल भारद्वाज ने किसानों से अपील की कि जिन किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा कराया है और उनकी फसल को प्राकृतिक आपदा से नुकसान हुआ है, वे 72 घंटे के भीतर हेल्पलाइन नंबर 14447 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय पर सर्वे कराकर उन्हें क्षतिपूर्ति दिलाई जा सके।
साथ ही किसी भी समस्या के समाधान के लिए कंट्रोल रूम नंबर 05281-298520 पर संपर्क करने की भी अपील की गई।


