बेकनगंज पुलिस व स्वॉट टीम की संयुक्त कार्रवाई, 6 युवकों को विदेश भेजने का खुलासा
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। थाना बेकनगंज क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर युवकों से ठगी कर उन्हें विदेश भेजने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वॉट टीम एवं बेकनगंज पुलिस ने 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 को एक पीड़ित ने थाना बेकनगंज में शिकायत दर्ज कराई कि उसे नौकरी का झांसा देकर करीब ₹3 लाख की ठगी की गई और थाईलैंड के रास्ते कंबोडिया भेज दिया गया। वहां उससे साइबर फ्रॉड कराने का प्रयास किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे कम शिक्षित युवकों को नौकरी का लालच देकर कंबोडिया भेजते थे, जहां उनसे साइबर ठगी कराई जाती थी।
जांच के दौरान अब तक 6 लोगों को कंबोडिया भेजे जाने की जानकारी सामने आई है, जिनमें से 3 लोग भारत वापस लौट चुके हैं। अन्य व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव के अनुसार, मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य संकलन किया जा रहा है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।


