
सेमरा गांव में आयोजित कार्यक्रम में नेताओं ने शिक्षा, अधिकार और संगठन की मजबूती पर दिए संदेश
- शालिनी शर्मा
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर राजधानी लखनऊ के वार्ड नंबर 14 स्थित ग्राम सेमरा में अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सपा पार्षद ममता रावत एवं समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मीनाक्षी सिंह अग्रवाल द्वारा किया गया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए मोहनलालगंज के सांसद आरके चौधरी ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सामाजिक न्याय, महिला अधिकार और शिक्षा के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने संविधान के माध्यम से अमीर-गरीब सभी को समान मताधिकार प्रदान किया और शिक्षा व संगठन को समाज के विकास का आधार बताया।

वहीं, जूही सिंह ने बाबा साहब के जीवन पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं से शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता द्वारा दिया गया मताधिकार सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने वर्तमान सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों को बंद किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर “स्त्री सम्मान समृद्धि योजना” लागू की जाएगी, जिसके तहत महिलाओं के खातों में 40,000 रुपये भेजे जाएंगे और उन्हें रोजगार से जोड़ा जाएगा।
इस अवसर पर जयसिंह जयंत (जिलाध्यक्ष लखनऊ), महिला सभा की जिलाध्यक्ष प्रेमलता यादव, पूर्व विधायक राजेंद्र यादव, जिला महासचिव शब्बीर खान, उषा सेन, फरा नाज, गौतम रावत, रंजित यादव, विजय लक्ष्मी, त्रिभुवन सहित कई प्रमुख नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


