डिजिटल अरेस्ट और फर्जी गेमिंग ऐप से करते थे ठगी—₹50 लाख की संदिग्ध रकम चिन्हित, कई बैंकिंग व इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। थाना बर्रा, कमिश्नरेट कानपुर नगर पुलिस ने 13 अप्रैल 2026 को बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट और प्रतिबंधित ऑनलाइन गेमिंग के जरिए धोखाधड़ी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में कुल 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 26 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 54 एटीएम कार्ड, 1 चेक बुक, 26 पासबुक और 30 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रतिबंधित गेमिंग ऐप और फर्जी वेबसाइट्स के माध्यम से लोगों को लालच देकर ठगी करते थे। इसके बाद फर्जी बैंक खातों के जरिए रकम को ट्रांसफर कर ठिकाने लगा दिया जाता था।
पुलिस जांच में यह भी पाया गया कि आरोपियों के खातों में पिछले तीन महीनों में भारी मात्रा में लेन-देन हुआ है। लगभग ₹50 लाख की संदिग्ध धनराशि को चिन्हित कर उसे फ्रीज कराने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना बर्रा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयासरत हैं।
इस संबंध में पुलिस आयुक्त श्री रघुबीर लाल ने बताया कि साइबर अपराध पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी चलता रहेगा।


