कलेक्ट्रेट सभागार में टास्क फोर्स की कार्यवाही की समीक्षा, चेक पोस्ट निगरानी और ई-प्रपत्र सत्यापन पर जोर
- राकेश कुमार
महोबा। कलेक्ट्रेट सभागार में पुलिस अधीक्षक, महोबा के साथ खनिज विभाग एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टास्क फोर्स बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य अवैध खनन की रोकथाम एवं प्रवर्तन कार्यवाही को प्रभावी बनाना रहा।
बैठक के दौरान खनिज प्रवर्तन दल की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
कानपुर रोड (कबरई) एवं बांदा रोड (कबरई) स्थित जाँच चौकियों पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे उपखनिज परिवहन से संबंधित ई-एमएम-11, ई-फॉर्म सी, तथा अन्य राज्यों से आने वाले खनिज के ईटीपी एवं आईएसटीपी का अनिवार्य रूप से सत्यापन करते हुए वाहनों की प्रभावी जांच सुनिश्चित करें।
ड्यूटी अधिकारियों को अपने आगमन एवं प्रस्थान का समय तथा जांच किए गए वाहनों की संख्या टास्क फोर्स ग्रुप में नियमित रूप से साझा करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही कानपुर रोड, कबरई एवं बांदा रोड (वघवा खोड़ा) स्थित चेक पोस्ट पर सीसीटीवी कैमरों के संचालन एवं लाइव फुटेज की निगरानी पुलिस एवं जिला प्रशासन के मोबाइल डिवाइस से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जांच के दौरान ओवरलोड, बिना नंबर प्लेट अथवा बिना खनिज परिवहन प्रपत्र वाले वाहनों को सीज कर संबंधित थाना पुलिस की अभिरक्षा में सौंपने के आदेश दिए गए। औचक निरीक्षण में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट जिला खनिज कार्यालय को भेजने के निर्देश भी दिए गए।
यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि जाँच चौकी पार करने के बाद अन्य जनपदों में कोई वाहन बिना वैध प्रपत्र के पकड़ा जाता है, तो संबंधित ड्यूटी अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत को शासनादेश के अनुसार खनिज उद्गम स्थल से ही परिवहन शुल्क की नियमानुसार वसूली सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही अन्य राज्यों से आने वाले वाहनों से अवैध वसूली पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
ARTO महोबा को फर्जी नंबर प्लेट, HSRP चालान एवं जुर्माने से संबंधित SOP समूह में साझा करने, खनिज बैरियर पर तैनात अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित करने तथा ट्रकों के भार (GVW) से संबंधित जानकारी सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।


