HomeNEWSआंबेडकर जयंती पर बसपा सुप्रीमो मायावती का शक्ति प्रदर्शन, बाबा साहेब को...

आंबेडकर जयंती पर बसपा सुप्रीमो मायावती का शक्ति प्रदर्शन, बाबा साहेब को अर्पित की श्रद्धांजलि

लखनऊ में आवास पर पुष्पांजलि, सोशल मीडिया पर संदेश जारी—सामाजिक न्याय और संविधान की मूल भावना पर दिया जोर

  • अखिलेश कुमार अग्रहरि

लखनऊ। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर राजधानी लखनऊ में बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने अपने आवास पर बाबा साहेब को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस दौरान उन्होंने डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के नाम संदेश भी जारी किया। इसके बाद गोमती नगर स्थित डॉ. आंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल सहित वरिष्ठ पदाधिकारी बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

इस अवसर पर राजधानी में एक दिन पहले से ही बसपा समर्थकों का जमावड़ा देखा गया, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मायावती ने अपने संदेश में कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने अपना संपूर्ण जीवन गरीबों, उपेक्षितों, शोषितों और महिलाओं के अधिकारों एवं सम्मान के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने संविधान के माध्यम से सामाजिक न्याय और समानता की मजबूत नींव रखी।

उन्होंने आगे कहा कि यदि देश की विभिन्न सरकारें संविधान के उद्देश्यों को पूरी तरह लागू करने में सफल होतीं, तो भारत आज आत्मनिर्भर और अधिक विकसित राष्ट्र बन चुका होता तथा समाज में व्याप्त असमानता, गरीबी और भेदभाव काफी हद तक समाप्त हो चुका होता।

मायावती ने कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी संदेश देते हुए संगठन को मजबूत करने और जीत की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments